भुवनेश्वर, 17 अप्रैल (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर परोक्ष हमला करते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि महान सपूतों के योगदान और बलिदान को कमतर करने के लिए इतिहास को बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 28वीं पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न स्थानों पर बीजू पटनायक की मूर्तियों पर हमले हुए हैं और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री (बीजू) के जन्मदिन को पंचायती राज दिवस से अलग कर दिया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 साल बाद भाजपा सरकार ने बीजू पटनायक की जयंती पर पंचायती राज दिवस मनाना बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा भाजपा सरकार ने बीजद सरकार के दौरान बीजू पटनायक के नाम पर शुरू की गईं कुछ योजनाओं के नाम भी बदल दिए हैं।
ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने भाजपा का सीधे नाम लिये बिना कहा, ‘‘अब कुछ लोग हमारे महान सपूतों के योगदान और बलिदान को कमतर आंकने का जानबूझकर प्रयास कर रहे हैं। इतिहास को बदलने का भी प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि इतिहास समय के साथ एक राष्ट्र के जुड़ाव के अनुभव को दर्शाता है। इसे किसी की मर्जी से नहीं बदला जा सकता।’’
भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने पटनायक के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हम बीजू पटनायक का बहुत सम्मान करते हैं। वह इस धरती के महान सपूत थे। हमने आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नवीन पटनायक की टिप्पणी राजनीति से प्रेरित है और पांच बार मुख्यमंत्री रहे व्यक्ति से ऐसी उम्मीद नहीं थी।’’
सामल ने यह भी पूछा कि क्या यह नवीन पटनायक का अपना बयान है या किसी और ने उन्हें ये शब्द बोलने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह उनका अपना बयान है, तो (नवीन) पटनायक को इस पर दोबारा सोचना चाहिए।’’
भाषा नेत्रपाल सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.