scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशहरियाणा रास चुनाव में दो मतों को अमान्य करने की कोशिश, निर्वाचन आयोग सीसीटीवी फुटेज देखे: कांग्रेस

हरियाणा रास चुनाव में दो मतों को अमान्य करने की कोशिश, निर्वाचन आयोग सीसीटीवी फुटेज देखे: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए हुए मतदान की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराए क्योंकि उसके दो वैध मतों को रद्द करने का प्रयास किया जा रहा है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहले इस संदर्भ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर दावा किया कि चुनाव की शुचिता को भंग करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार रात निर्वाचन आयोग पहुंचकर अपनी शिक़ायत दर्ज कराई।

इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस महासचिव सैयद नासिर हुसैन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे दो विधायकों का वोट रद्द करने की साजिश हो रही है। वो वोट देकर बाहर निकले तो कोई आपत्ति नहीं की गई। मतदान के बाद यह अर्जी दाखिल की गई कि इन्होंने अपना वोट दिखाकर गोपनीयता भंग की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने हर चुनाव में धांधली की है। वे कभी खरीद फरोख्त से तो कभी डरा-धमकाकर चुनावी धांधली करते रहे हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि हमारा एक भी वोट रद्द न हो। हमारा निर्वाचन आयोग से आग्रह है कि वह सही प्रकिया का पालन करते हुए तहकीकात करे।’’

हुसैन ने कहा, ‘‘एक बार सीसीटीवी फुटेज मंगवाकर देख ली जाए तो सारी बातें साफ हो जाएंगी।’’

मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में खरगे में कहा, ‘‘यह चुनाव की शुचिता को भंग करने का एक स्पष्ट प्रयास है और इसे आयोग द्वारा तुरंत रोका/समाधान किया जाना चाहिए। इसके अलावा, हमारे वैध मतों को अमान्य ठहराने की अनुमति नहीं दी जा सकती है, जो स्पष्ट रूप से प्रक्रिया को कलंकित करने/उसे पटरी से उतारने का एक प्रयास है।’’

हरियाणा में दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नांदल का समर्थन कर रही है। नांदल ने 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। संख्या बल के हिसाब से भाजपा और कांग्रेस, दोनों के उम्मीदवारों का जीतना सुनिश्चित था, लेकिन तीसरे उम्मीदवार की वजह से मतदान हुआ। कांग्रेस के पास 90 सदस्यीय विधानसभा में 37 विधायक हैं और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 31 मतों की जरूरत है।

भाषा हक रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments