मुंबई, तीन मार्च (भाषा) महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने कुछ लोगों के एक पाकिस्तानी आतंकी संगठन से संदिग्ध संबंधों के सिलसिले में देर रात मुंबई के उपनगरों में चार स्थानों पर छापेमारी की। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर एटीएस ने पूर्वी उपनगर गोवंडी में तीन परिसरों और कुर्ला में एक परिसर पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि ये संदिग्ध पाकिस्तान के एक आतंकी संगठन के संपर्क में थे, जिसे विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत भारत में प्रतिबंधित किया गया है।
एटीएस ने संदिग्धों के पास से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। प्रतिबंधित संगठन से कथित संबंधों को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा खारी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
