गुवाहाटी, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिवंगत नेता जोनाली नाथ के पति ने गिरफ्तार आरोपी हसनुर इस्लाम का मृतका के साथ प्रेम संबंध होने का दावा करने को लेकर सीआईडी के महानिरीक्षक (आईजी) देवराज उपाध्याय के खिलाफ बुधवार को पुलिस में एक शिकायत दी।
भाजपा की ग्वालपारा जिला सचिव जोनाली नाथ का शव सोमवार सुबह कृष्णाई पुलिस थाना क्षेत्र के सालपारा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 17 पर पाया गया था, जिसके बाद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया, जो मटिया इलाके में एक दुकानदार है।
उपाध्याय ने एक मीडिया ब्रीफिंग में दावा किया था कि इस्लाम ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि शुरूआत में जोनाली के साथ उसका प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ महीने पहले एक अन्य महिला से शादी कर ली।
उपाध्याय ने दावा किया था कि भाजपा नेता की उसके (इस्लाम के) साथ कार में बहस हुई थी, जिसके बाद इस्लाम ने उसकी हत्या कर दी, उसके शव को राजमार्ग पर फेंक दिया और अपनी कार से भाग गया।
चंद्र कुमार नाथ ने ग्वालपारा जिले में मटिया पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि उन्हें अपनी पत्नी पर पूरा विश्वास है और वह एवं उनके परिवार के सदस्य उपाध्याय के दावे को स्वीकार नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उपाध्याय से माफी की मांग करते हैं क्योंकि उनके बयान ने मेरी दिवंगत पत्नी और पूरे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। मैं हत्या की उपयुक्त और विस्तृत जांच की भी मांग करता हूं क्योंकि इसने मेरी दोनों बेटियों की जिंदगी भी बर्बाद कर दी है।
मामले की समीक्षा के लिए बुधवार को ग्वालपारा का दौरा करने वाले पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने भी स्वीकार किया कि पुलिस महानिरीक्षक को सार्वजनिक रूप से यह बयान नहीं देना चाहिए था।
सिंह ने कहा कि उन्होंने संबद्ध अधिकारियों को इस सिलसिले में एक परामर्श जारी करने को कहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रवक्ताओं को सार्वजनिक रूप से कुछ कहते समय सावधान रहना चाहिए। प्रवक्ता को सभी विवरण लोगों को नहीं बताना चाहिए, बल्कि उन्हें अदालत में पेश करना चाहिए। शब्द एक बार बोल दिये जाने पर वापस नहीं लिये जा सकते। यह याद रखना चाहिए कि जब पुलिस मीडिया से बातचीत कर रही होती है तब वह लोगों से बात कर रही होती है। ’’
सिंह ने कहा कि उन्होंने जांच की समीक्षा के लिए ग्वालपारा का दौरा किया और पुलिस को 60 दिनों के अंदर आरोप पत्र सौंपने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस महिला की हत्या हुई है वह एक बड़ी शख्सियत थीं और राजनीति में थीं और माइक्रोफाइनेंस योजनाओं में शामिल थीं। इसलिए मैंने पुलिस को हर पहलू से जांच करने को कहा है…।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
