गुवाहाटी, 21 दिसंबर (भाषा) असम मानवाधिकार आयोग (एएचआरसी) ने बुधवार को नगांव के उपायुक्त से वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान बाटाडरावा के समीप एक खास क्षेत्र में चलाये गये अतिक्रमण हटाओ अभियान पर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
धींग राजस्व क्षेत्र में शांतिजन बाजार में 300 परिवारों को वहां से हटाये जाने के संबंध में मीडिया में आयी खबर का संज्ञान लेते हुए आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति टी वैफी और सदस्य देव कुमार सैकिया ने उपायुक्त नरेंद्र कुमार शाह को 18 जनवरी तक इस विषय पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
आयोग ने कहा कि इस अभियान में करीब 1,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये थे तथा 10 बुलडोजर एवं दो एक्सकेवेटर (खुदाई करने वाली मशीन) का इस्तेमाल किया गया।
सोमवार सुबह अभियान शुरू किया गया था, जो मंगलवार को समाप्त हुआ। इस दौरान धींग राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत बाटाडरावा मौजे में शांतिजन बाजार इलाका, हैदुबी, लालुनगांव, जमईबस्ती और बालिसातरा में 1200 बीघा जमीन पर से कथित अतिक्रमणकारियों को हटाया गया।
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
