(फाइल फोटो के साथ)
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 2008 के सिलसिलेवार बम धमाकों में जान गंवाने वाले 88 लोगों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी और इस घटना को राज्य के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक बताया।
शर्मा ने कहा कि असम कभी भी उन दिनों में वापस नहीं लौटेगा और राज्य में शांति बनी रहेगी।
‘नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड’ (एनडीएफबी) के रंजन डेमरी गुट ने 30 अक्टूबर, 2008 को गुवाहाटी एवं कोकराझार में तीन-तीन, बारपेटा में दो तथा बोंगाईगांव में एक धमाका किया था जिसमें 88 लोग मारे गये थे तथा 500 से अधिक घायल हुए थे।
शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘इस गंभीर दिन पर, मैं 30 अक्टूबर को गुवाहाटी को दहला देने वाले सीरियल बम धमाकों में जान गंवाने लोगों को याद कर रहा हूं।’’
उन्होंने कहा,‘‘मैं उस मनहूस दिन को कभी नहीं भूल सकता, जिसने हमारे देश की सामूहिक चेतना को झकझोर कर रख दिया था। यह असम के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम “कभी भी उन दिनों में वापस नहीं लौटेगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आने वाले वर्षों में असम एक शांतिपूर्ण और समृद्ध राज्य बना रहे।”
जनवरी 2019 में, सीबीआई की एक विशेष अदालत ने इस मामले में 15 लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें से 10 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई; इनमें डेमरी भी शामिल था।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.