डिब्रूगढ़, 20 मार्च (भाषा) असम जातीय परिषद (अजाप) के अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई ने शुक्रवार को डिब्रूगढ़ जिले की खोवांग विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया।
लुरिंज्योति ने 2021 का विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
अजाप का अब तक विधानसभा या संसदीय चुनाव में खाता भी नहीं खुला है।
अजाप, नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए छह दलों के गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें कांग्रेस, रायजोर दल और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भी शामिल हैं।
लुरिंज्योति ने विपक्षी दलों की एकता का प्रदर्शन करते हुए गठबंधन के सदस्यों और नेताओं की डिब्रूगढ़ शहर की सड़कों पर यात्रा का नेतृत्व भी किया।
उन्होंने नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस सीट पर करारी शिकस्त देने का पूरा भरोसा जताया।
अजाप प्रमुख ने कहा, “मेरा उद्देश्य इस निर्वाचन क्षेत्र के साथ-साथ राज्य की जनता की आवाज बनना है। मैं उनका आशीर्वाद चाहता हूं।”
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
