scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशअरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया

अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया

Text Size:

अहमदाबाद, दो अप्रैल (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को यहां साबरमती आश्रम का दौरा किया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। आम आदमी पार्टी (आप) के ये दोनों नेता दो दिवसीय यात्रा के लिये शुक्रवार रात अहमदाबाद पहुंचे थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित गुजरात में उनकी यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की जमीन तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। केजरीवाल और मान ने साबरमती आश्रम में हृदय कुंज का दौरा किया, जहां महात्मा गांधी रहते थे। इसके अलावा उन्होंने संग्रहालय का भी दौरा किया तथा गांधी की प्रतिमा के आगे शीश झुकाये।

आम आदमी पार्टी (आप) ने पिछले महीने पंजाब विधानसभा में चुनाव में कुल 117 में से 92 सीट जीतकर तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया था।

इससे पहले दोनों नेताओं ने आश्रम में आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किये और आश्रम के अधिकारियों ने उन्हें चरखे की एक प्रतिकृति व महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तकें भेंट की।

गांधी आश्रम की अपनी यात्रा के दौरान, दोनों नेताओं ने चरखे पर हाथ आजमाया, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की, और संग्रहालय का दौरा किया।

आगंतुक पुस्तिका में केजरीवाल ने लिखा कि वह उस देश में पैदा होकर धन्य महसूस करते हैं, जहां गांधीजी ने जन्म लिया था।

केजरीवाल ने ‘आगंतुक पुस्तिका’ में लिखा, ‘यह आश्रम एक आध्यात्मिक स्थान है। ऐसा लगता है जैसे गांधीजी की आत्मा यहां निवास करती है। यहां आकर एक आध्यात्मिक अनुभूति होती है। मैं खुद को धन्य मानता हूं कि मैं उस देश में पैदा हुआ, जहां गांधी जी का जन्म हुआ था।’

केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। इससे पहले जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था।”

उन्होंने कहा, “मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।”

मान ने डायरी में लिखा है, ”आज गांधी आश्रम के भ्रमण के दौरान देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी कई चीजें देखने को मिलीं, जैसे गांधी का हस्तलिखित पत्र, मूल चरखा और उनके जीवन से जुड़ी कई अन्य बातें।”

उन्होंने कहा, ”आज आजाद देश में रहते हुए हमें उन क्रांतिकारियों के बलिदान को याद रखना चाहिये।”

मान ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वह शहीदों की भूमि से आते हैं और हर गांव में ऐसे लोग हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में लगभग हर घर में चरखा है, जिस पर महिलाएं पारंपरिक गीत गुनगुनाते हुए सूत कातती हैं।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप

जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments