ईटानगर, 12 जनवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने सोमवार को सिक्किम को देश का सबसे स्वच्छ राज्य बताते हुए उसकी सराहना की। उन्होंने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और जन-संपर्क की पहलों में दोनों राज्यों के बीच घनिष्ठ सहयोग का आह्वान किया।
गंगटोक स्थित लोक भवन में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा की गई शिष्टाचार भेंट के दौरान, राज्यपाल ने स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारी पर राज्य सरकार के निरंतर जोर की प्रशंसा की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल परनाइक इस समय हिमालयी राज्य सिक्किम के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं।
उन्होंने कहा कि ये प्रयास जनता के भीतर अनुशासन की मजबूत भावना और सामूहिक भागीदारी को दर्शाते हैं।
दोनों राज्यों के बीच गहरी समानताओं का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम दोनों ही समृद्ध जैव विविधता, जीवंत जातीय संस्कृति, अनूठी परंपराओं और पर्यटन की अपार संभावनाओं से संपन्न हैं।
उन्होंने विशेष रूप से पारिस्थितिकी पर्यटन, ऑर्किड और वनस्पतियों एवं जीवों के संरक्षण में दोनों राज्यों की साझा ताकत का जिक्र किया।
दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि यह आपसी सद्भाव भविष्य में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, कौशल विकास और जन-संपर्क जैसे क्षेत्रों में बड़े सहयोग के रूप में सामने आएगा, जिससे दोनों राज्यों को लाभ होगा।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
