जम्मू, 17 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की “प्रतिशोधात्मक नीतियों” के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के उपाध्यक्ष मुला राम के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों को यहां प्रेस क्लब से मार्च निकालने की कोशिश करने के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया।
राम के अलावा, हिरासत में लिए गए प्रमुख अन्य लोगों में पीसीसी के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व विधायक रविंदर शर्मा, पूर्व सांसद टीएस बाजवान, पूर्व विधायक बलवान सिंह और पूर्व एमएलसी वेद महाजन शामिल थे।
नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को तलब करने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता सोमवार से सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
शर्मा ने पत्रकारों से कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस तरह ईडी और सीबीआई जैसी सरकारी एजेंसियों का उपयोग कर विपक्ष, खासकर कांग्रेस नेतृत्व की आवाज़ को दबाना चाहती है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल को एक फर्जी मामले में फंसाया जा रहा है क्योंकि सरकार सार्वजनिक तौर पर उनके “कठिन सवालों” का जवाब देने में असमर्थ है और विभिन्न मोर्चों पर अपनी “विफलताओं” को छिपाने की कोशिश कर रही है।
भाषा फाल्गुनी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.