scorecardresearch
Friday, 7 November, 2025
होमदेशअंता विधानसभा उपचुनाव: मुख्यमंत्री शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा ने किया संयुक्त रोड शो

अंता विधानसभा उपचुनाव: मुख्यमंत्री शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा ने किया संयुक्त रोड शो

Text Size:

जयपुर, छह नवंबर (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को शक्ति प्रदर्शन किया। इसके तहत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पार्टी उम्मीदवार मोरपाल सुमन के समर्थन में मांगरोल कस्बे में एक संयुक्त रोड शो किया।

कस्बे में लगभग 2.5 किलोमीटर तक किये गए रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पूरे रास्ते पार्टी नेताओं पर फूल बरसाए। पार्टी नेताओं के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले एकजुटता का संदेश देना था।

यह रोड शो सुभाष चौक से शुरू हुआ और सीसवाली तिराहे पर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते में 50 से ज्यादा स्वागत द्वार बनाए गए थे। मुख्यमंत्री शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री राजे और अन्य नेता खुली छत वाले वाहन पर सवार थे। इन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और उम्मीदवार मोरपाल सुमन भी प्रचार वाहन पर मौजूद थे।

रोड शो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने अपनी सरकार द्वारा इलाके में किए गए विकास कार्यों को गिनाया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं से नौकरी की चिंता न करने का आग्रह किया और आश्वासन दिया कि सरकार अपने कार्यकाल में चार लाख नौकरियां देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘मौजूदा भाजपा सरकार विकास और गरीबों व किसानों के कल्याण के बारे में सोचती है, जबकि वे (कांग्रेस) झूठ बोलने और लूटने वाले लोग थे।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कई बार पेपर लीक हुए थे लेकिन उनकी सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने फसलों को हुए नुकसान के लिए मुआवजे को लेकर इलाके के किसानों की चिंताओं को मुख्यमंत्री शर्मा के समक्ष रखा। राजे ने कहा कि फसल के नुकसान को मापदंड से बाहर माने जाने के कारण इस क्षेत्र के किसानों को लगभग नगण्य मुआवजा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस नुकसान को एसडीआरएफ मानदंडों के तहत माना जाता है तो किसानों को पर्याप्त राशि मिलेगी और वह इसके लिए लिखित प्रस्ताव उन्हें भेजेंगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पार्वती नदी से बजरी निकाले जाने संबंधी निविदाओं पर भी ध्यान देने का आग्रह किया। राजे ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मुद्दे पर विचार करेगी।

इससे पहले, शर्मा विशेष विमान से झालावाड़ और वहां से हेलीकॉप्टर से मांगरोल पहुंचे। पुलिस और जिला प्रशासन ने मार्ग पर भारी तैनाती के साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।

सत्तारूढ़ भाजपा ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए मोरपाल सुमन को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री प्रमोद जैन चुनाव मैदान में हैं। यह सीट भारतीय जनता पार्टी के विधायक कंवरलाल मीणा को अयोग्य घोषित किए जाने के कारण खाली हुई थी।

भाषा

पृथ्वी सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments