scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशअन्ना विश्वविद्यालय का प्रोफेसर 'यौन उत्पीड़न और पीछा करने' के आरोप में गिरफ्तार

अन्ना विश्वविद्यालय का प्रोफेसर ‘यौन उत्पीड़न और पीछा करने’ के आरोप में गिरफ्तार

Text Size:

चेन्नई, 27 मार्च (भाषा) अन्ना विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को यौन उत्पीड़न और पीछा करने के आरोपों के बाद शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम, 1998 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 के तहत पीछा करने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर की पहचान ज्ञानवेल बाबू के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘हमने उसे तिरुनेलवेली में गिरफ्तार किया है और उसे पूछताछ के लिए चेन्नई लाया जा रहा है।’

यह कानूनी कार्रवाई छात्रों के तीव्र विरोध प्रदर्शनों और उसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी निलंबन आदेश के बीच हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक छात्रा की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर लगभग दो वर्षों से उसका यौन उत्पीड़न कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने कहा कि कई अन्य छात्राएं भी पीड़ित हुई हैं और उसने सभी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग के भीतर एक गोपनीय जांच का अनुरोध किया।

विश्वविद्यालय परिसर में भारी अशांति देखने को मिली, जब छात्राएं सड़कों पर उतर आईं और आरोप लगाया कि दो बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने संकाय सदस्य को तत्काल हटाने और परिसर सुरक्षा शिकायत निवारण तंत्र में पूर्ण सुधार की मांग की।

पुलिस में मामला दर्ज होने और विरोध प्रदर्शन बढ़ने के बाद, अन्ना विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर प्रोफेसर को पूर्ण आंतरिक जांच और पुलिस जांच लंबित रहने तक तत्कालिक रूप से निलंबित कर दिया।

इस घटना की राज्य के राजनीतिक नेताओं ने कड़ी आलोचना की है।

तमिलनाडु भाजपा के नेता के. अन्नामलाई ने ‘एक्स’ पर ‘गंभीर चिंता’’ व्यक्त करते हुए सवाल उठाया कि अन्ना विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों घटित हो रही हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय की यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया और कहा कि उत्पीड़न कथित तौर पर दो साल तक जारी रहा।

उन्होंने राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री गोवी चेझियन से पिछले साल इसी तरह की घटनाओं की रिपोर्ट आने के बाद से लागू किए गए सुरक्षा उपायों के संबंध में जवाब देने का भी आह्वान किया।

अन्नामलाई ने तमिलनाडु पुलिस से आरोपी प्रोफेसर के विभाग की सभी छात्राओं को शामिल करते हुए ‘गुप्त और संवेदनशील’ जांच करने का आग्रह किया है, ताकि शैक्षणिक नुकसान होने के डर के बिना अधिक पीड़िताएं सामने आ सकें।

पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments