scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशआंध्र: जनसेना विधायक ने साइबर धोखाधड़ी में गंवाए 12 लाख रुपये

आंध्र: जनसेना विधायक ने साइबर धोखाधड़ी में गंवाए 12 लाख रुपये

Text Size:

पोलावरम, 22 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने जनसेना विधायक सी. बालाराजू की शिकायत पर साइबर धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जनसेना विधायक सी. बालाराजू ने एक फर्जी एपीके फाइल पर क्लिक करने से 12 लाख रुपये गंवा दिए, जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना छह मार्च को उस समय हुई, जब विधायक ने अनजाने में फर्जी लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप उनके बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन हुए।

उन्होंने इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पोलावरम निर्वाचन क्षेत्र से जनसेना विधायक सी. बालाराजू की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने सड़क परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के चालान के रूप में प्रस्तुत एक फर्जी एंड्रॉइड पैकेज किट (एपीके) फाइल पर क्लिक कर दिया जिससे उन्होंने खाते से 12 लाख रुपये गंवा दिये।’’

उन्होंने बताया कि संदिग्ध फाइल पर क्लिक करने के बाद जालसाजों ने विधायक के खाते से सारी रकम अंतरित कर ली।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत को 21 मार्च को जांच के लिए स्थानीय थाने भेज दिया गया था।

इस बीच, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी।

अधिकारी ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी के पीछे एक संगठित गिरोह की संलिप्तता का संदेह है, जिसके संभवतः अंतरराष्ट्रीय संबंध हैं।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments