मुंबई, छह जुलाई (भाषा) मुंबई अपराध शाखा के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने यहां 55 वर्षीय एक महिला को 40 लाख रुपये की कृत्रिम उत्तेजक दवा मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि महिला को बुधवार को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब आजाद मैदान इकाई का एक एएनसी दल दक्षिणी मुंबई में वादी बंडर और डोंगरी के बीच गश्त लगा रहा था।
अधिकारी ने कहा,”हमें उसके (महिला के) पर्स में 200 ग्राम मेफेड्रोन मिला। जांच में पता चला है कि उसका आपराधिक इतिहास रहा है और उसके नाम पर मादक पदार्थों की आपूर्ति और डकैती के मामले दर्ज हैं।’
उन्होंने बताया कि एक अन्य अभियान में बुधवार को एएनसी की कांदिवली इकाई ने 5.8 लाख रुपये मूल्य के 50 एलएसडी ब्लॉट और ‘जलीय गांजा’ (एक अन्य तरह की खेती से विकसित) के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया।
भाषा अभिषेक राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.