scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशगोवा में एक एसयूवी ने कार को मारी टक्कर, कार सवार व्यक्ति की मौत

गोवा में एक एसयूवी ने कार को मारी टक्कर, कार सवार व्यक्ति की मौत

Text Size:

पणजी, 25 फरवरी (भाषा) उत्तरी गोवा में एक एसयूवी ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी जिससे कार सवार पर्यटक की मौत हो गयी। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मरने वाले पर्यटक की पहचान भगतराम शर्मा के तौर पर हुयी है और वह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार को असगाओ गांव में हुई, जब एक महिंद्रा थार ने शर्मा के कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद शर्मा गंभीर रुप से घायल हो गये जिन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि यह थार कथित रूप से शौर्य गोयल नामक एक युवा चला रहा था, जिसकी उम्र 19 साल है और वह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का रहने वाला है।

पुलिस ने कहा कि कार में सवार एक शिशु सहित दो अन्य लोगों को दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं।

उन्होंने बताया कि अंजुना पुलिस ने गोयल को लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मामले की प्राथमिकी के अनुसार, गोयल मापुसा से अंजुना की ओर जा रहा था जबकि शर्मा की कार अंजुना से पार्रा की ओर जा रही थी। इसमें कहा गया है कि यह दुर्घटना एक चौराहे पर हुई।

इस संबंध में यह भी जानकारी मिली थी कि थार एक महिला चला रही थी और दुर्घटना के बाद गोयल ने सीट बदल ली। इस पर पुलिस ने कहा कि वे सभी कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं।

एक अधिकारी ने कहा, ‘हम दुर्घटना से पहले सड़क के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि वास्तव में चालक सीट पर कौन था।’

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments