नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, उसको निशाना बनाकर किए गए ईरानी सैन्य हमलों में मामूली रूप से घायल हुए 58 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसे भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी है और वह अस्पताल अधिकारियों के संपर्क में है।
मिशन ने सोशल मीडिया पर कहा, “भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है। हम हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।”
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरानी हमलों में तीन लोग मारे गए और 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए।
अमेरिका और इजराइल द्वारा शनिवार को ईरान पर हमला करने के बाद, ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजराइली और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमलों को अंजाम दिया है।
रविवार तड़के तेहरान द्वारा देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायल-अमेरिका के हमलों में मौत की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई तेज हो गई।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा हमले की शुरुआत से लेकर अब तक उसकी सेना ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन के हमलों को झेला है।
इसमें कहा गया है, “कुल 541 ईरानी ड्रोन हमले हुए, जिनमें से 506 को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि 35 देश के भीतर गिरे, जिससे भौतिक क्षति हुई।”
इसमें कहा गया है, “इन घटनाओं के परिणामस्वरूप पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों में से तीन की मौत हो गई और अमीराती, मिस्र, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडा, इरिट्रियाई, लेबनानी और अफगान नागरिकों में 58 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।”
संयुक्त अरब अमीरात के भीतर वह सटीक स्थान जहां भारतीय नागरिक को चोट लगी, अभी तक स्पष्ट नहीं है।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
