रायपुर, 13 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कहा कि पिछले 40 वर्ष से नक्सलवाद के कारण पिछड़े रहे क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि साय ने सुकमा जिले में 308 करोड़ रुपये से अधिक के 228 विकास कार्यों को मंजूरी दी। इस दौरान उन्होंने 159 विकास कार्यों का शिलान्यास और 69 कार्यों का लोकार्पण किया।
साय ने सुकमा के मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 40 वर्षों से नक्सलवाद के कारण पिछड़े रहे क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति स्थापित हुई है और अब यहां विकास की गंगा बह रही है।
साय ने कहा कि जिन गांवों में कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां आज स्कूलों की घंटियां गूंज रही हैं और लोग लोकतंत्र पर भरोसा जताते हुए मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि तीन हजार से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और उन्हें पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से नयी जिंदगी की शुरुआत के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
भाषा संजीव जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.