scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशमप्र में दो महिलाओं का सरेआम यौन उत्पीड़न करने पर सभी 15 आरोपी गिरफ्तार

मप्र में दो महिलाओं का सरेआम यौन उत्पीड़न करने पर सभी 15 आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

अलीराजपुर (मप्र), 14 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल अलीराजपुर जिले में तीन दिन पहले दिन-दहाड़े सड़क पर कथित रूप से दो महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के मामले में सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अलीराजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने सोमवार शाम को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गत शुक्रवार को हुई इस घटना के मामले में सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो में इन सभी लोगों को दो महिलाओं के साथ बदसलूकी करते हुए देखा गया है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किये गये सभी आरोपी बालिग हैं और उनकी उम्र 18 से 32 वर्ष के बीच है। इसके लिए आईटी और फोरेंसिक टीमें लगाई गयी थीं। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था, जिसके परिणामस्वरुप सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सिंह ने बताया कि इसके अलावा दो और लोगों को शनिवार को हिरासत में लिया गया। इनमें से एक व्यक्ति ने यह वीडियो बनाया था और दूसरे ने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया था। उन्होंने कहा कि इन दोनों को इस प्रकरण में गवाह बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए और गिरफ्तार किए गए सभी लोग जानजातीय समुदाय से हैं।

सिंह ने कहा कि गिरफ्तार किये गये लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 354 (स्त्री की गरिमा भंग करने के आशय से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 354-ए (यौन उत्पीड़न) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी महिला की ओर से इस संबंध में शिकायत नहीं मिली है, केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है।

अलीराजपुर के लोगों के मुताबिक यह वीडियो शुक्रवार को बनाया गया था। उन्होंने कहा कि यह घटना अलीराजपुर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर के वालपुर गांव में उस वक्त हुई, जब वहां आदिवासी त्योहार भागोरिया मनाया जा रहा था।

भाषा रावतरावत रावत संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments