scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशअखिलेश ने दिये अमेठी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी उतारने के संकेत

अखिलेश ने दिये अमेठी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी उतारने के संकेत

Text Size:

अलीगढ़ (उप्र), छह मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ रहे अमेठी क्षेत्र से अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार उतारने के संकेत दिये।

सपा अभी तक अमेठी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी उतारने से परहेज करती रही है।

रविवार को अमेठी के दौरे पर गये अखिलेश ने एक ट्वीट में कहा, ”अमेठी में ग़रीब महिलाओं की दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी हुआ। यहां हमेशा वीआईपी जीते और हारे हैं, फिर भी यहां ऐसा हाल है तो बाकी प्रदेश का क्या कहना। अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा। सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है।”

अखिलेश ने ट्वीट के साथ अपने अमेठी के दौरे की कुछ तस्वीरें भी डाली हैं।

अमेठी लोकसभा क्षेत्र अर्से से नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। सपा यहां से अपना प्रत्याशी खड़ा करने से परहेज करती रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पराजित करके कांग्रेस का वर्चस्व तोड़ा था।

भाषा सलीम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments