(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने पिछले एक दशक में पिलाटुस पीसी-7 एमके 2 विमान के दो लाख उड़ान घंटा पूरा होने के अवसर पर बुधवार को डुंडीगल में स्थित वायु सेना अकादमी में इस विमान में उड़ान भरी । वायुसेना ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
भारतीय वायु सेना ने ट्वीट कर विमान और विमान में सवार वायुसेना प्रमुख की तस्वीर भी साझा की ।
वायुसेना के ट्वीट में कहा गया है, ‘‘पिलाटुस पीसी-7 एमके 2 विमान के एक दशक में दो लाख घंटे की उड़ान पूरा होने के उपलक्ष्य में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने डुंडीगल स्थित वायुसेना अकादमी में आज इस विमान में उड़ान भरी ।’’
पिलाटुस पीसी-7 एमके 2 एक टर्बोप्रोप विमान है, जो भारतीय वायुसेना का बुनियादी प्रशिक्षण विमान है। यह शीशे की कॉकपिट और आधुनिक नेविगेशन प्रणाली से सुसज्जित है और इसका इस्तेमाल अकादमी में विमान कैडेटों के प्रशिक्षण के लिये होता है ।
स्विस विमान निर्माता पिलाटुस ने जुलाई 2018 में, 75 वां पीसी-7 एमके 2 प्रशिक्षण विमान भारतीय वायुसेना को सौंपा था । इसके लिये 2012 में अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे ।
इसकी पहली आपूर्ति फरवरी 2013 में हुई थी।
भाषा रंजन रंजन पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.