राजकोट, 15 मार्च (भाषा) गुजरात के राजकोट स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 25 वर्षीय एक प्रशिक्षु चिकित्सक द्वारा आत्महत्या किए जाने के एक दिन बाद, पुलिस ने रविवार को पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। मृत चिकित्सक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने सहपाठियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के जैसलमेर निवासी रतन कुमार मेघवाल का शव शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे यहां के पास घंटेस्वर और पारा पिपलिया के बीच रेल की पटरी पर मिला था।
अधिकारी ने बताया कि मेघवाल ट्रेन की चपेट में आ गया था और उसका लैपटॉप, मोबाइल फोन, मेडिकल फाइलें और पहचान पत्र पटरियों के पास मिले थे। उन्होंने बताया कि साथ ही 17 पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने अपने सहपाठियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था।
पुलिस उपायुक्त (जोन-2) राकेश देसाई ने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया कि मेघवाल के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, गांधीग्राम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार मेघवाल के सहपाठियों ने इस साल जनवरी से ही एक लड़की के साथ उसके संबंधों को लेकर संदेह के चलते उसका कई बार कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया था।
देसाई ने कहा, ‘‘चूंकि एमबीबीएस की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं सोमवार से शुरू होने वाली हैं, इसलिए गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को अदालत द्वारा कड़ी पुलिस सुरक्षा के तहत परीक्षा देने की अनुमति दी गई है।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
