scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशलोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का आधार मजबूत करेगी अगप

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का आधार मजबूत करेगी अगप

Text Size:

गुवाहाटी, 12 अप्रैल (भाषा) असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) ने बुधवार को कहा कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी ताकि संसद के निचले सदन में अपने प्रतिनिधित्व को मजबूत कर सके।

अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा ने ‘बिहू’ उत्सव की पूर्व संध्या पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे असम में कार्यक्रमों की एक श्रृंखला शुरू करेगी।

अतुल बोरा ने कहा, ‘‘ इसके साथ ही हम असमिया लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को राष्ट्रीय राजधानी में उठाने के लिए लोकसभा में अपने प्रतिनिधित्व को लेकर भी काम कर रहे हैं। ‘बिहू’ के बाद का समय हमारे लिए महत्वपूर्ण होने वाला है।’’

असम के कृषि मंत्री बोरा ने कहा कि हाल के दिनों में कई नए कार्यकर्ता अगप में शामिल हुए हैं और उनकी ऊर्जा और उत्साह को दिशा देना समय की मांग है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हाल के दिनों में हमने कलियाबोर, मंगलदोई, तेजपुर और नागांव जैसे विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की हैं। इसके बाद गुवाहाटी और बराक घाटी पर ध्यान दिया जाएगा। ’’

यह पूछे जाने पर कि अगप 2024 के लोकसभा चुनाव में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, बोरा ने कहा, ‘‘हम अपने सहयोगी दल भाजपा से चर्चा करेंगे और उसके अनुसार फैसला करेंगे।’’

अगप का लोकसभा में कोई सदस्य नहीं है, जबकि बीरेंद्र प्रसाद बैश्य राज्यसभा में इसके एकमात्र प्रतिनिधि हैं।

भाषा रवि कांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments