ईटानगर, चार फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश सरकार ने अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा (एपीसीएस) के आठ अधिकारियों का तबादला किया है। एक आधिकारिक अधिसूचना से यह जानकारी प्राप्त हुई।
मुख्य सचिव मनीष गुप्ता द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव और गुवाहाटी में अतिरिक्त आवास आयुक्त दिलीप कुमार को पश्चिम कामेंग का उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किया गया है।
कर एवं उत्पाद शुल्क आयुक्त लोबसांग शेरिंग अब पपुम पारे के नये उपायुक्त होंगे। वहीं, कलकतांग के अतिरिक्त उपायुक्त मिंदो लोई को पश्चिम सियांग का उपायुक्त बनाया गया है, वह टेचू अरन का स्थान लेंगे। अरन को तिरप का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना के मुताबिक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा जनजातीय कार्य विभाग के संयुक्त सचिव गोबी न्यिग्योर को लोअर सियांग का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वह रुज्जुम रक्षप की जगह लेंगे, रक्षप को पर्यटन निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त, तिरप के उपायुक्त लियी बाग्रा को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद का निदेशक बनाया गया है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
