मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) मशहूर अभिनेत्री प्रवीणा देशपांडे का निधन हो गया है। उन्होंने ‘रेडी’, ‘गब्बर इज बैक’ और ‘डी डे’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार भूमिकाओं से दर्शकों को प्रभावित किया था।
अभिनेत्री के परिवार ने उनके इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट के जरिए यह खबर साझा की। इसके मुताबिक देशपांडे ने मंगलवार को अंतिम सांस ली।
इंस्टाग्राम संदेश में कहा गया, ‘‘बड़े दुख के साथ आपको सूचित करते हैं कि श्रीमती प्रवीणा देशपांडे 17 फरवरी 2026 को इस दुनिया को छोड़कर चली गईं।’’
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक देशपांडे (60) लंबे समय से रक्त कैंसर से जूझ रही थीं। उनके परिवार में पति और दो बच्चे हैं।
देशपांडे ने मराठी रंगमंच, नाटकों और फिल्मों में काम किया। उन्हें हिंदी सिनेमा में अपने दमदार अभिनय की वजह से पहचान मिली।
उनके कुछ लोकप्रिय फिल्मों और शो में ‘परिणिति’, ‘अवगत’, ‘घर एक मंदिर’, ‘कुमकुम – एक प्यारा सा बंधन’, ‘एक विलेन’, ‘परमाणु द स्टोरी ऑफ़ पोखरण’ प्रमुख थीं। वह आखिरी बार नेटफ्लिक्स सीरीज ‘‘तस्करी: द स्मगलर वेब’’में नजर आई थीं।
अभिनेताओं के संगठन सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिनाटा) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ सिनाटा प्रवीणा देशपांडे जी (2008 से सदस्य) के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करता है।’’
देशपांडे के सहयोगियों ने भी सोशल मीडिया के जरिये उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
