चेन्नई, तीन फरवरी (भाषा) चेन्नई की एक सफाई कर्मचारी पद्मा ने कभी नहीं सोचा था कि वह तमिल फिल्म सुपरस्टार रजनीकांत से उनके आवास पर मिल सकेंगी, लेकिन ऐसा संभव हुआ और उन्हें अभिनेता से उपहार में सोने की चेन भी मिली।
पद्मा मंगलवार को अपने परिवार के साथ दिग्गज अभिनेता के पोएस गार्डन स्थित आवास पर गईं, जहां उनकी ईमानदारी के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
हाल ही में 45 ‘सावरन’ (सॉवरेन) सोने के आभूषण उनके सही मालिक को लौटाने के सराहनीय कार्य के लिए, एक शीर्ष अभिनेता ने उन्हें सम्मान स्वरूप एक शॉल और दो सावरन के सोने की एक चेन भेंट की, जिसपर “ॐ” अंकित था।
एक ‘सावरन’ भारत, विशेष रूप से दक्षिणी क्षेत्रों में, सोने के भार की एक व्यापक मान्यता प्राप्त इकाई है। ‘सावरन’ शब्द सोने का एक निश्चित वजन दर्शाता है, जो करीब आठ ग्राम के बराबर होता है।
अपने पति और बेटियों के साथ वहां पहुंची पद्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं बहुत रोमांचित महसूस कर रही हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं उनसे (रजनीकांत से) मिलूंगी।’’
उन्होंने बताया कि सड़क पर मिले सोने के गहने वापस करने के बाद उन्हें अभिनेता के घर आने का न्योता मिला था।
पद्मा ने बताया कि उनकी ईमानदारी की सराहना करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने भी हाल ही में उन्हें सम्मानित किया था और एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया था।
टी नगर में काम के दौरान पद्मा को जमीन पर एक पैकेट पड़ा मिला था, जिसमें 45 ‘सावरन’ भार के सोने के गहने थे। अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के बाद, उन्होंने वह पैकेट पांडी बाजार पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने जांच के बाद इस कीमती सामान को उसके मालिक को लौटा दिया।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
