scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशअभिनेता-फिल्मकार सतीश कौशिक का दिल का दौरा पड़ने से निधन, प्रधानमंत्री समेत कई हस्तियों ने जताया शोक

अभिनेता-फिल्मकार सतीश कौशिक का दिल का दौरा पड़ने से निधन, प्रधानमंत्री समेत कई हस्तियों ने जताया शोक

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली/मुंबई, नौ मार्च (भाषा) अपने चार दशक लंबे करियर में थिएटर, सिनेमा, टीवी और ओटीटी मंच पर अभिनय, निर्देशन, लेखक और बतौर निर्माता अपनी छाप छोड़ने वाले फिल्मकार सतीश कौशिक का बृहस्पतिवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य दिग्गज हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

सूत्रों ने बताया कि वह दिल्ली में होली मनाने के लिए गये थे। फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ और ‘मिस्टर इंडिया’ में यादगार भूमिकाएं निभाने वाले कौशिक दिल्ली में एक दोस्त के घर पर थे तभी उन्हें बेचैनी महसूस हुई। कौशिक के मित्र और सहकर्मी अनुपम खेर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को यह जानकारी दी।

खेर ने कहा, ‘‘ उन्होंने अपने वाहन चालक से उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए कहा। देर रात करीब एक बजे उन्हें (अस्पताल जाते समय) रास्ते में ही दिल का दौरा पड़ा। ’’

अभिनेता का पोस्टमार्टम दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में किया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी. ने कहा, ‘‘ जब भी किसी मौत की सूचना मिलती है, हम सीआरपीसी (दंड प्रक्रिया संहिता) की धारा 174 के तहत नियमित कार्रवाई करते हैं। इसका मकसद यह पता लगाना होता है कि मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई या अप्राकृतिक कारणों से मौत हुई।’’

कौशिक के साथ अपने आखिरी पलों को याद करते हुए उनके प्रबंधक संतोष राय ने बताया, ‘‘ उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने मुझे फोन किया और मैं उन्हें अस्पताल ले गया।’’

कौशिक का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्सोवा श्मशान भूमि में लगभग रात आठ बजकर 30 मिनट पर परिवार के सदस्यों और अभिनेता अनुपम खेर तथा निर्देशक अशोक पंडित सहित करीबी मित्रों की मौजूदगी में किया गया।

निर्देशक डेविड धवन और सुभाष घई, गीतकार-कवि जावेद अख्तर और अभिनेता अनुपम खेर, सलमान खान, अर्जुन कपूर, रणवीर कपूर, अभिषेक बच्चन, तबू और शिल्पा शेट्टी सहित फिल्म उद्योग के उनके कई मित्रों और सहकर्मियों ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कौशिक ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर किए गए आखिरी पोस्ट में प्रसिद्ध गीतकार एवं लेखक जावेद अख्तर द्वारा सात मार्च को मुंबई में आयोजित वार्षिक होली समारोह की तस्वीरें साझा की थीं।

गुरुग्राम में सूत्रों ने बताया कि वह बुधवार को दिल्ली में अपने एक दोस्त के फार्महाउस पर होली मनाने के लिए पहुंचे थे।

अस्पताल के सूत्रों बताया कि रात में उन्हें चक्कर आने लगे और उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ‘‘मृत लाया घोषित’’ कर दिया।

कौशिक के परिवार में उनकी पत्नी शशि और बेटी वंशिका हैं। कौशिक नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के छात्र थे। उनके असामयिक निधन से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक व्याप्त है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रख्यात फिल्मी हस्ती सतीश कौशिक के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह एक रचनात्मक प्रतिभा थे, जिन्होंने अपने अद्भुत अभिनय और निर्देशन की बदौलत सभी का दिल जीता। उनकी रचनाएं दर्शकों का मनोरंजन करती रहेंगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।’’

शाह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कौशिक के ‘‘ भारतीय सिनेमा में योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, अभिनेता व हरियाणा फिल्म प्रमोशन बोर्ड के प्रमुख सतीश कौशिक जी के असामयिक निधन से बेहद स्तब्ध हूं। बेमिसाल अभिनय एवं निर्देशन हेतु उन्हें सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में जगह देने की प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह अपनी कला के माध्यम से ‘‘हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।’’

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के रहने वाले कौशिक के निधन पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी शोक व्यक्त किया।

उनके निधन से फिल्म उद्योग से जुड़े लोग भी सदमे में हैं।

जावेद अख्तर ने ट्वीट किया, “गर्मजोशी, प्यार और हास्य से भरपूर सतीश लगभग चालीस साल से मेरे लिए भाई की तरह थे। वह मुझसे 12 साल छोटे थे। सतीश जी, आपकी बारी नहीं थी।”

खेर ने ट्वीट किया, “‘‘मुझे पता है कि मृत्यु अंतिम सत्य है, लेकिन मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे अपने सबसे अच्छे दोस्त सतीश कौशिक के बारे में ऐसा लिखना होगा। 45 साल की दोस्ती पर अचानक पूर्ण विराम लग गया। तुम्हारे बिना जीवन पहले जैसा नहीं रहेगा सतीश। ओम शांति।’’

फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ और ‘मिलेंगे मिलेंगे’ में कौशिक के निर्देशन में काम कर चुकी करीना कपूर खान ने कहा, ‘‘ बेहद दुखी हूं। साथ बिताया समय याद आ रहा है। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’

हरियाणा में जन्मे और दिल्ली के करोल बाग में पले-बढ़े कौशिक ने हमेशा अभिनेता बनने का सपना देखा था। उन्हें ‘जाने भी दो यारों’, ‘राम-लखन’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘दीवाना मस्ताना’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘भारत’, ‘छलांग’, ‘उड़ता पंजाब’ जैसी फिल्मों में निभाए उनके किरदारों के लिए जमकर सराहना मिली। फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में कौशिक ने ‘कैलेंडर’ नामक एक रसोइये का किरदार निभाया था जो आज भी लोकप्रिय है।

कौशिक और अभिनेता गोविंदा की जोड़ी भी काफी मशहूर थी। दोनों 90 के दशक में ‘स्वर्ग’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘दीवाना मस्ताना’, ‘परदेसी बाबू’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘आंटी नंबर-1’ और ‘हसीना मान जाएगी’ जैसी कई फिल्मों में साथ नजर आए।

गोविंदा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ जब मैं आज पीछे मुड़कर उन सभी फिल्मों को देखता हूं जिनमें हमने एक साथ काम किया है तो मुझे बहुत दुख होता है कि हमने उन्हें खो दिया। हर अभिनेता अभिनय करता है, लेकिन वह ऐसे व्यक्ति थे जो चीजों को समझते थे और फिर अभिनय करते थे।’’

निर्देशक के तौर पर उनकी आखिरी फिल्म 2021 में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के साथ आई ‘कागज’ थी।

फिल्म ‘तेरे नाम’ में कौशिक के निर्देशन में काम करने वाले सलमान खान ने कहा कि वह निर्माता का दिल से सम्मान करते हैं।

सलमान खान ने ट्वीट किया, ‘‘ हमेशा उनसे प्यार किया, उनका सम्मान किया और उनकी हमेशा याद आएगी..भगवान उनकी आत्मा को शांति और परिवार तथा चाहने वालों को हिम्मत दे।’’

‘किसी का भाई किसी की जान’ और ‘इमरजेंसी’ उनकी आने वाली फिल्मों में शामिल है।

‘इमरजेंसी’ में मुख्य भूमिका निभा रहीं कंगना ने ट्वीट किया, ‘‘इस दुखद खबर के साथ सुबह की शुरुआत हुई। वह मेरी काफी हौसला-अफजाई करते थे… एक बहुत ही सफल अभिनेता और निर्देशक। सतीश कौशिक जी बेहद दयालु और सच्चे इंसान थे। ‘इमरजेंसी’ में उनके साथ काम करके काफी अच्छा लगा। उनकी कमी हमेशा खलेगी, ओम शांति।’’

भाषा प्रशांत संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments