scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअभिनेता आदर्श गौरव रिडले स्कॉट की फिल्म 'एलियन: अर्थ' की दूसरी कड़ी में नजर आएंगे

अभिनेता आदर्श गौरव रिडले स्कॉट की फिल्म ‘एलियन: अर्थ’ की दूसरी कड़ी में नजर आएंगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) फिल्म ‘द व्हाइट टाइगर’, ‘खो गए हम कहां’ और ‘तू या मैं’ में अपने प्रभावशाली अभिनय से पहचान बना चुके अभिनेता आदर्श गौरव अब एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर नजर आएंगे। वह रिडले स्कॉट की चर्चित सीरीज ‘एलियन: अर्थ’ की दूसरी कड़ी में अपनी भूमिका दोहराने के लिए तैयार हैं।

‘गेम्स ऑफ थ्रोन्स’ के अभिनेता पीटर डिंकलेज भी इस कड़ी से जुड़ गए हैं, जिसकी शूटिंग अगले महीने शुरू होने वाली है।

पहले सीजन में बेहद सराहे गए अपने प्रदर्शन के बाद आदर्श गौरव एक बार फिर ‘स्लाइटली’ के किरदार में नजर आएंगे, जो अपनी भावनात्मक गहराई और जटिलता के लिए खास तौर पर जाना जाता है।

‘एलियन: अर्थ’ ने बेहद कम समय में खुद को वैश्विक स्तर पर एक बड़ी साइंस-फिक्शन सीरीज के रूप में स्थापित कर लिया है और यह 2025 के शीर्ष सीरीज में शुमार हो चुकी है। नोआ हौली द्वारा निर्मित इस सीरीज में रिडले स्कॉट कार्यकारी निर्माता के रूप में जुड़े हैं।

दूसरी कड़ी में आदर्श गौरव एक दमदार कलाकारों की टोली के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे, जिसमें सिडनी चैंडलर, एलेक्स लॉदर, एसी डेविस, सैमुअल ब्लेनकिन, बाबू सीसे, टिमोथी ओलिफेंट और पीटर डिंकलेज जैसे नाम शामिल हैं।

आदर्श गौरव ने एक बयान में कहा, ‘‘इस फिल्म ‘एलियन: अर्थ’ का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है। पहले कड़ी को, खासकर मेरे किरदार को जिस तरह का जबरदस्त प्रतिसाद मिला, वह सचमुच उत्साह बढ़ाने वाला और प्रेरणादायक है। ‘स्लाइटली’ एक बेहद अनोखा और भावनात्मक रूप से जटिल किरदार है, और दूसरी कड़ी में उसकी यात्रा को आगे बढ़ाने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद रोमांचक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नोआ हौली और रिडले स्कॉट जैसे दूरदर्शी लोगों के नेतृत्व में काम करना हर मायने में प्रेरणादायक है, और इतने प्रतिभाशाली सह-कलाकारों के बीच रहकर लगातार बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। मैं एक बार फिर सेट पर लौटने और इस दुनिया में दोबारा खोने के लिए बेहद उत्साहित हूं।’’

भाषा तान्या खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments