प्रयागराज, 12 जून (भाषा) प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शहर में शुक्रवार को हुए पथराव के मास्टरमाइंड जावेद अहमद उर्फ जावेद पंप के करेली स्थित मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई रविवार को शुरू कर दी।
पीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि जावेद के जेके आशियाना, करेली स्थित मकान को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी मशीन और भारी संख्या में पुलिस बल सुबह साढ़े दस बजे ही करेली थाना पर पहुंच गए और दोपहर करीब एक बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
उन्होंने बताया कि जावेद का मकान पीडीए से नक्शा पास कराए बगैर बनाया गया था जिसके लिए उसे 10 मई, 2022 को नोटिस जारी किया गया था और उसे अपना पक्ष रखने के लिए 24 मई, 2022 की तिथि आबंटित की गई थी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि पर जावेद या फिर उनका वकील नहीं आया और ना ही कोई अभिलेख प्रस्तुत किया गया, इसलिए 25 मई को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शनिवार को मीडिया को बताया था कि जावेद अहमद को पुलिस हिरासत में लेकर उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है जिसके आधार पर अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी। जावेद शुक्रवार को हुए पथराव का मास्टरमाइंड है।
उल्लेखऩीय है कि प्रयागराज के करेली और खुल्दाबाद इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए पथराव के मामले में पुलिस ने 70 नामजद अभियुक्तों और 5000 से भी ज्यादा अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ 29 गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर 68 उपद्रवियों को हिरासत में लिया जिसमें चार उपद्रवी नाबालिग पाए गए जिन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया, वहीं 64 उपद्रवियों को सेंट्रल जेल नैनी भेजने का आदेश दिया गया।
भाषा राजेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
