शिमला, नौ अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को यहां कहा कि ‘उत्तर प्रदेश की तरह ही’ हिमाचल प्रदेश में भी सभी सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) की जमानत जब्त हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि यद्यपि भाजपा को हिमाचल प्रदेश में आप या कांग्रेस से कोई चुनौती नहीं है, लेकिन यह प्रत्येक चुनाव को गम्भीरता से लेगी और पिछले चुनाव परिणामों की तुलना में बेहतर करने का प्रयास करेगी।
भाजपा की जनसभा से इतर यहां मीडिया से बातचीत के दौरान ठाकुर ने राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के स्थान पर उन्हें (ठाकुर को) मुख्यमंत्री बनाये जाने की योजना के संबंध में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के दावे से जुड़े एक सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसके बजाय आरोप लगाया कि आप नेताओं ने रोडशो के दौरान लोगों से मुलाकात नहीं की और राज्य की जनता कभी नहीं माफ करेगी।
आप के राज्य प्रमुख अनुप केसरी के पार्टी छोड़कर शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी (आप) अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के पाला बदलने को लेकर निराधार आरोप लगा रही है।
ठाकुर ने कहा कि आप के कई और नेता भाजपा में शामिल होने के लिये कतार में हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेने से परहेज किया।
भाषा सुरेश दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
