scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशगुजरात विधानसभा चुनावों के लिए ‘आप’ खुद को भाजपा का मुख्य विरोधी मान रही

गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए ‘आप’ खुद को भाजपा का मुख्य विरोधी मान रही

Text Size:

(पराग दवे)

अहमदाबाद, नौ मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के एक नेता ने दावा किया है कि इस वर्ष दिसम्बर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा की मुख्य विरोधी के तौर पर सामने आएगी।

चूंकि गुजरात में दशकों से भाजपा और कांग्रेस का वर्चस्व रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि दिल्ली की तरह ही ‘आप’ के लिए भाजपा का सामना करने का अच्छा अवसर होगा।

गौरतलब है कि हाल ही में जारी कई एक्जिट पोल में पंजाब में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ के बहुमत में आने की भविष्यवाणी की गयी है। पंजाब में हाल ही में विधानसभा चुनाव कराये गये हैं और बृहस्पतिवार को चुनाव परिणाम आएंगे।

‘आप’ की गुजरात इकाई के प्रवक्ता योगेश पटेल ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘गुजरात की जनता के आशीर्वाद से ‘आप’ प्रदेश में भाजपा की मुख्य विरोधी पार्टी बनकर उभरेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास गुजरात के लिए इच्छाशक्ति या दृष्टिकोण नहीं है, जबकि हम दिल्ली की केजरीवाल सरकार के कार्य की तर्ज पर विकास का वैकल्पिक मॉडल प्रदान करेंगे।’’

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा के 27 साल के ‘कुशासन’ से उब चुकी है और ‘आप’ को मौका देगी।

पटेल ने कहा, ‘‘चाहे शिक्षा की बात हो, या बिजली-पानी या स्वास्थ्य, भाजपा राज्य की जनता को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दे सकी है और हमें उम्मीद है कि इन चीजों पर विचार करके वे (प्रदेशवासी) हमें एक मौका देंगे।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी नये चेहरे को सामने नहीं आने देती। इसलिए लोग ‘आप’ के पक्ष में वोट करेंगे।

राजनीतिक विश्लेषक दिलीप गोहिल ने भी दावा किया कि राज्य विधानसभा के लिए दिसम्बर में होने वाले चुनाव में ‘आप’ के पास वास्तव में गुजरात में इस वर्ष दिसम्बर में होने वाले चुनाव में राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने का मौका है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और भाजपा के बगावती नेताओं को लेकर बनाया गया दल जनता के पास तीसरे विकल्प के रूप में मौजूद था, लेकिन मतदाताओं ने उसे नकार दिया है।’’

गोहिल ने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनावों में अपना वोट प्रतिशत 25 प्रतिशत तक कर लेती है तो इसका सीधा असर कांग्रेस पर पड़ेगा, क्योंकि भाजपा का समर्पित वोट बैंक है।

भाषा

सुरेश उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments