scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशजालंधर में AAP कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कानून-व्यवस्था पर विपक्ष ने मान सरकार को घेरा

जालंधर में AAP कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कानून-व्यवस्था पर विपक्ष ने मान सरकार को घेरा

यह इस साल राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के किसी कार्यकर्ता पर हुआ दूसरा ऐसा हमला है. पिछले महीने तरन तारन में एक शादी के दौरान AAP के एक सरपंच की बेहद नज़दीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

Text Size:

नई दिल्ली: शुक्रवार सुबह जालंधर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में एक गुरुद्वारे के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बवाल मच गया है.

कार्यकर्ता का नाम सतविंदर पाल सिंह था, जिन्हें लोग लकी ओबेरॉय के नाम से जानते थे. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिप्रिंट को बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे गुरुद्वारे के बाहर अपनी थार एसयूवी में बैठे हुए लकी ओबेरॉय को गोली मार दी गई.

उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. श्री राम अस्पताल के एक डॉक्टर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “जांच में पाया गया कि उन पर 8-9 राउंड गोलियां चलाई गई थीं. उन्हें सीपीआर दिया गया और वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.”

जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि पुलिस को इस घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे मिली. कौर ने कहा, “मॉडल टाउन थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है.”

ओबेरॉय इलाके में पार्टी का जाना-पहचाना चेहरा थे. वह अलग-अलग स्तर की कई AAP बैठकों में शामिल होते रहे थे और उनकी पार्टी गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरें भी मौजूद हैं. माना जाता है कि उनकी पत्नी सिमरजोत कौर ने पिछले साल AAP के चुनाव चिन्ह पर नगर निगम चुनाव लड़ा था.

AAP साल 2022 से पंजाब में सत्ता में है.

यह हत्या इस साल राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के किसी कार्यकर्ता पर हुआ दूसरा ऐसा हमला है. पिछले महीने तरनतारन में एक शादी के दौरान AAP के एक सरपंच की बेहद नज़दीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

शुक्रवार की यह घटना मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार और पंजाब पुलिस पर विपक्षी दलों और न्यायिक संस्थाओं की बढ़ती आलोचना के बीच हुई है. गुरुवार को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मोहाली के एसएसपी कार्यालय के बाहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी पर एक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा था. इस मामले में, फरार आतंकी सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या के केस में एक आरोपी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार की गोलीबारी के तुरंत बाद सरकार पर तीखा हमला बोला.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “@AAPPunjab के शासन में पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है. हम बार-बार इसी की चेतावनी दे रहे थे. AAP ने पंजाब को जंगल राज की ओर धकेल दिया है.”

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, जो हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए हैं, ने भी मान सरकार को निशाने पर लिया.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “एक और दिनदहाड़े हत्या में…@AAPPunjab के नेता लकी ओबेरॉय को जालंधर के मॉडल टाउन में दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जिन्होंने उन पर 8 से 10 गोलियां चलाईं.”

उन्होंने आगे लिखा, “यह पंजाब में अब नया चलन बन गया है. मनमर्जी से कहीं भी किसी को भी मार दो…शर्म आनी चाहिए @BhagwantMann…आपने और आपकी @DGPPunjabPolic ने पंजाब को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और फिर भी आप इसे मानने को तैयार नहीं हैं…@PunjabPoliceInd.”

AAP ने अभी तक इस गोलीबारी और अपनी सरकार पर लगे आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments