scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशभाजपा की विफलता को उजागर करने के लिए आम आदमी पार्टी महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगी: सौरभ भारद्वाज

भाजपा की विफलता को उजागर करने के लिए आम आदमी पार्टी महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगी: सौरभ भारद्वाज

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने से एक दिन पहले बुधवार को घोषणा की कि वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 250 सदस्यीय सदन में 123 पार्षद हैं जबकि आप के 101 पार्षद हैं। शेष सदस्य आम आदमी पार्टी से अलग हुए गुट – इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी और कांग्रेस के तथा निर्दलीय हैं।

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने महापौर चुनाव में भाग नहीं लेने का फैसला किया है। पार्टी ने पिछले साल भी महापौर और उप महापौर का चुनाव नहीं लड़ा था।

भारद्वाज ने कहा कि चुनाव में भाग नहीं लेकर आम आदमी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा एमसीडी में सत्ता में आए और अपनी विफलताओं के माध्यम से बेनकाब हो।

उन्होंने दावा किया, ‘‘सभी स्तरों पर सत्ता में होने के बावजूद भाजपा दिल्ली में कोई बदलाव लाने में विफल रही है। भाजपा को काम करना नहीं आता। केवल आम आदमी पार्टी ही काम करना जानती है।’’

केंद्र के साथ-साथ दिल्ली में भी भाजपा सत्ता में है और एमसीडी पर भी उसका नियंत्रण है।

महापौर, उप महापौर और इसकी स्थायी समिति के तीन सदस्यों के लिए चुनाव 29 अप्रैल को होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 23 अप्रैल को शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगी।

भाषा यासिर अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments