धुरी, 17 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर राज्य में सत्ता बरकरार रखेगी।
उन्होंने दावा किया कि आप सरकार ने अपने चार साल के शासनकाल में सभी वादों को पूरा किया है, जिसके कारण विपक्ष के पास जनता से संबंधित कोई मुद्दा नहीं बचा है।
मान ने कहा कि जहां विपक्ष अपने शासनकाल के दौरान पंजाब को ‘लूटने’ के बाद सत्ता हासिल करने के लिए संघर्ष में व्यस्त है, वहीं उनकी सरकार लोगों के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यहां नवनिर्मित उपसंभागीय अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए यह दावा किया।
मान ने कहा कि कई जनहितैषी योजनाओं और फैसलों के कारण राज्य में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि लोग 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार को फिर से गठित करने के लिए उत्सुक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव से 2022 में सत्ता संभालने के बाद, हमारी सरकार ने जनहितैषी कई निर्णय लिए। हमने चार वर्षों में अपने सभी वादे पूरे कर दिए हैं और आने वाले एक वर्ष में हम राज्य को विकास की नयी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।’’
मान ने कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में सभी वादे पूरे करके राजनीति में एक नयी परंपरा शुरू की है, जबकि पिछली सरकारें पांच साल में भी ऐसा नहीं कर पाई थीं।
विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमरिंदर सिंह, सुखबीर सिंह बादल और अन्य लोग मुझे निशाना बनाने के लिए एकजुट हो गए हैं।
मान ने कहा, ‘‘ पहले ये नेता मुझे मनोरंजनकर्ता कहकर मेरा मजाक उड़ाते थे, लेकिन अब वे डर के मारे दिन-रात मेरा नाम जपते हैं।’’
मान ने कहा, ‘‘जिस प्रकार महात्मा गांधी को बापू, जवाहरलाल नेहरू को चाचा और चौधरी देवी लाल को ताऊ कहा जाता था, उसी प्रकार मैं स्वयं को जनता का बेटा और भाई मानता हूं।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
