scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशसोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार

Text Size:

कानपुर (उप्र), नौ जून (भाषा) कानपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया जिसके बाद कानपुर हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 55 हो गई है।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गौरव राजपूत के रूप में हुई है और गिरफ्तारी काकादेव इलाके से की गई है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि उन्हें गौरव राजपूत के बारे में जानकारी मिली थी, जिसने कथित तौर पर अपने फेसबुक अकाउंट पर दूसरे समुदाय को निशाना बनाकर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट की थी और इसे दूसरों के साथ साझा किया था।

डीसीपी ने कहा कि काकादेव पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गौरव को गिरफ्तार कर लिया, जिसे मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट-आठ की अदालत में पेश किया गया जिसने उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गौरतलब हैं कि शुक्रवार की नमाज के बाद कानपुर के कुछ हिस्सों में हिंसा भड़क गई थी क्योंकि दो समुदायों के सदस्यों ने एक टीवी बहस के दौरान भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों के विरोध में दुकानों को बंद करने के प्रयासों में ईंट-पत्थर और बम फेंके थे।

इस बीच, निर्दोष व्यक्तियों की गिरफ्तारी और हिंसा के संबंध में गलत तरीके से फंसाए जाने की कई शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा ने अपर आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आनंद प्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया है।

इस समिति में दो उपायुक्त (पूर्व और पश्चिम), प्रमोद कुमार और बीबीजीटीएस मूर्ति और एक सहायक आयुक्त (अनवरगंज), अकमल खान इसके सदस्य होंगे जो जांच में एसीपी तिवारी की सहायता करेंगे।

समिति को शिकायतों और आरोपों की ठीक से जांच करने काम सौंपा गया है।

मामले की जांच कर रही एसआईटी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंसा के कुछ नए वीडियो सामने आए हैं जिसमें बदमाशों को पेट्रोल और पत्थर फेंकते देखा जा सकता है।

अधिकारी ने कहा कि पड़ोसी उन्नाव में शुक्रवार को दुकानदारों से अपनी दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करने वाले पोस्टरों के बारे में भी पुलिस अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है और उन्हें कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह ‘कुछ शरारती तत्वों’ की करतूत प्रतीत होती है।

अपर पुलिस आयुक्त, कानून और व्यवस्था, आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि कल जुमे :शुक्रवार: की नमाज के मद्देनजर यहां मुस्लिम बहुल इलाकों में प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी), रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और नागरिक पुलिस सहित पुलिस बल की भारी तैनाती करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक पुलिस बल की तैनाती रहेगी।

भाषा सं जफर

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments