scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमदेशआत्महत्या के इरादे से नदी में कूदी महिला पर मगरमच्छ ने किया हमला, पुलिस और लोगों ने बचाया

आत्महत्या के इरादे से नदी में कूदी महिला पर मगरमच्छ ने किया हमला, पुलिस और लोगों ने बचाया

Text Size:

उडुपी (कर्नाटक), पांच नवंबर (भाषा) कर्नाटक के उडुपी जिले में कुमारधारा नदी में कथित तौर पर आत्महत्या करने के इरादे से कूदी एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय निवासियों ने उसे नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा पुल के पास हुई।

पुलिस के अनुसार, निजी समस्याओं से परेशान महिला ने अपनी जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी थी। नदी में मगरमच्छ ने उसे काट लिया, जिससे उसे मामूली चोट आईं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ के हमले के बाद महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी।

उन्होंने बताया कि पास के एक लॉज के कर्मचारियों ने उसकी आवाज सुनी और सुब्रह्मण्य पुलिस को सूचना दी।

पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय निवासियों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क किया और महिला की काउंसलिंग करने के बाद उसे परिवार के साथ घर भेज दिया।

इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

पुलिस ने परिवार के अनुरोध पर महिला की पहचान उजागर नहीं की है।

भाषा जोहेब धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments