scorecardresearch
सोमवार, 5 मई, 2025
होमदेशछत्तीसगढ़ की महिला नदी में बहकर पड़ोसी राज्य ओडिशा पहुंची, मछुआरों ने बचाया

छत्तीसगढ़ की महिला नदी में बहकर पड़ोसी राज्य ओडिशा पहुंची, मछुआरों ने बचाया

Text Size:

रायगढ़, एक अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की निवासी मानसिक रूप से बीमार एक महिला महानदी में बहकर पड़ोसी राज्य ओडिशा पहुंच गई, जहां मछुआरों ने उसे बचा लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के सरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोरथ गांव की निवासी सरोजिनी चौहान (35) महानदी में बहकर ओडिशा के संबलपुर जिले के अंतर्गत रेंगाली थाना क्षेत्र के परसदा गांव पहुंच गई, जहां मछुआरों ने उसे बचा लिया।

सारंगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने बताया कि सरोजिनी अपने पति से अलग होकर मायके में रहती है। मानसिक रुप से बीमार इस महिला का उपचार चल रहा है।

महिला के परिजनों ने बताया कि वह अक्सर बिना बताए बाहर चली जाती है। उनका घर महानदी के करीब है और बारिश के दिनों में अक्सर वहां बाढ़ आती रहती है। परिजनों ने सुरक्षा के लिए महिला के दोनों पैरों में जंजीर बांध दी थी।

बारहवीं कक्षा तक पढ़ी इस महिला का विवाह पांच वर्ष पहले हुआ था। विवाह के लगभग चार माह बाद पति ने मानसिक बीमारी के कारण उसे छोड़ दिया था।

उन्होंने बताया कि बुधवार रात महिला शौच के लिए घर की बाड़ी में गई और वह महानदी की बाढ़ में बह गई। महिला बहते हुए लगभग 20 किलोमीटर दूर ओडिशा के रेंगाली थाना क्षेत्र के परसदा गांव पहुंच गई जहां मछुआरों ने उसे बचा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब परिजनों को महिला के संबंध में जानकारी मिली तब आज शाम उसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया वापस लाया गया। उसे बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में कोई आपराधिक षड़यंत्र की जानकारी नहीं मिली है। महिला का इलाज पहली प्राथमिकता है। विवेचना में यदि कोई दोषी पाया जाता है तब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।

राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं तथा जनजीवन प्रभावित हुआ है।

भाषा

सं संजीव, रवि कांत

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments