scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशबलिया में महिला ने आत्महत्या की, पति एवं सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

बलिया में महिला ने आत्महत्या की, पति एवं सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

Text Size:

बलिया (उप्र) तीन फरवरी (भाषा) बलिया जिले के एक गांव में एक महिला ने अपने ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला ने बांसडीह थाना क्षेत्र के टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव स्थित अपने घर में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

मृत महिला के भाई गोविंदा सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन रिंकू सिंह की शादी टोलापुर बाजार सुल्तानपुर गांव के चंदन सिंह के साथ 10 साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे अपशब्द कहते थे और उसके साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे।

पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि रिंकू (32) ने इस कथित प्रताड़ना से तंग आकर सोमवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने बाद में शव को कथित रूप से ठिकाने लगाने के लिए उसे सरयू नदी में प्रवाहित कर दिया।

थाना प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में गोविंदा सिंह की तहरीर पर रिंकू के पति चंदन सिंह, ससुर विजय शंकर सिंह, सास कालपति देवी, ननद रेखा देवी एवं रूबी सिंह और कुछ अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) एवं 238 बी (अपराधी को बचाने के लिए सबूत मिटाना) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments