scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशविधानसभा में बीजद और भाजपा के बीच जुबानी जंग़; कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित

विधानसभा में बीजद और भाजपा के बीच जुबानी जंग़; कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित

Text Size:

भुवनेश्वर, 11 मार्च (भाषा) ओडिशा विधानसभा में बुधवार को उस समय हंगामा देखने को मिला, जब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्षी बीजद और सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। हंगामे के चलते सदन को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया।

यह मुद्दा शून्यकाल के दौरान उठाया गया जब बीजद नेता एवं विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।

मलिक ने मंगलवार शाम को शेरगढ़ ब्लॉक के अध्यक्ष कृष्ण चंद्र नायक पर उनके कार्यालय परिसर में हुए कथित हमले का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ बदमाशों ने नायक पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।’’

मलिक ने बताया कि उनका भुवनेश्वर के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

बीजू जनता दल (बीजद) नेता ने आरोप लगाया कि गंजाम जिले में अपराध बढ़ रहे हैं।

बीजद विधायक शारदा प्रसन्ना जेना ने कहा कि भाजपा शासन में ओडिशा में कोई सुरक्षित नहीं है और यहां तक ​​कि जन प्रतिनिधियों को भी नहीं बख्शा जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि नायक पर हुए हमले के पीछे भाजपा से जुड़े लोग थे।

बीजद सदस्य ध्रुव चरण साहू ने आरोप लगाया कि केंद्रपाड़ा जिले के राजनगर में भाजपा से जुड़े लोगों ने ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) की एक महिला अधिकारी पर हमला किया।

सत्ता पक्ष के सदस्य टंकधर त्रिपाठी और बाबू सिंह ने आरोपों का खंडन करते हुए पिछली बीजद सरकार के दौरान हुई घटनाओं का हवाला दिया, जिनमें एक कैबिनेट मंत्री की हत्या और एक विधायक द्वारा पुलिस थाने में पुलिसकर्मियों पर कथित हमले की घटना शामिल है।

सत्ताधारी और विपक्षी सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यरोप से हंगामा हुआ, जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी को कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।

भाषा शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments