पीलीभीत (उप्र), दो फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पुरनपुर के घुंघचिहाई थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बाघ ने हमला कर एक किसान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घुंघचहाई थानाक्षेत्र के सिमरैया गांव में प्रेमराज (45) दोपहर करीब 1.30 बजे हरदोई ब्रांच नहर के किनारे गेहूं की अपनी फसल की रखवाली कर रहे थे और बकरियां चरा रहे थे, तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बाघ ने प्रेमराज को पकड़ लिया और उन्हें नहर की ओर खींचने लगा, उनकी चीख सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे किसान एवं अन्य ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे और जानवर को डराकर भगा दिया।
पुलिस का कहना है कि बाघ किसान को गंभीर रूप से घायल छोड़कर पास के गन्ने के खेतों की ओर भाग गया।
अधिकारियों के मुताबिक प्रेमराज को पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले की जानकारी होने पर उप जिलाधिकारी पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया ने घायल की जानकारी अस्पताल पहुंचकर ली।
उप जिलाधिकारी पूरनपुर अजीत प्रताप ने मीडिया को बताया कि वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।
इस हमले के बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बाहर जंगली जानवरों की लगातार आवाजाही को लेकर गांव वालों में एक बार फिर गुस्सा भड़क गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गांवों के पास बाघों और तेंदुओं की मौजूदगी के बारे में बार-बार अलर्ट करने के बावजूद, वन विभाग प्रभावी रोकथाम के उपाय करने में विफल रहा है।
सेहरामऊ उत्तर थानाक्षेत्र में 29 जनवरी को एक तेंदुए ने एक और किसान को घायल कर दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। ग्रामीणों ने दावा किया कि तेंदुए की आवाजाही के बारे में पहले से जानकारी होने के बावजूद, वन अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
