scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशकेरल के कोल्लम में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में तांत्रिक गिरफ्तार

केरल के कोल्लम में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में तांत्रिक गिरफ्तार

Text Size:

कोल्लम (केरल), नौ फरवरी (भाषा) केरल के कोल्लम जिले में सोमवार को झाड़-फूंक के नाम पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना पुत्तूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत वेंदर में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राजन बाबू उर्फ मुरारी एक स्थानीय तांत्रिक है तथा घटना की जानकारी रविवार को सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता और उसकी मां पहले कुछ ज्योतिषीय सलाह लेने के लिए मुरारी के पास गई थीं। आरोपी ने उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं का कारण एक बुरी आत्मा है, जो लड़की के शरीर पर हावी है। तांत्रिक ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह झाड़-फूंक के जरिए इस आत्मा से छुटकारा दिला सकता है।

इसके बाद, आरोपी के निर्देशानुसार, रविवार को लड़की और उसकी मां अनुष्ठान प्रक्रिया के लिए फिर से वेंदर स्थित उसके घर पहुंचीं। आरोपी ने मां से कमरे के बाहर इंतजार करने को कहा और लड़की को अकेले अंदर रहने दिया। कुछ समय बाद लड़की बाहर आई और उसने मां को अंदर हुई घटना के बारे में बताया।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन इस हंगामे के बीच आरोपी घटनास्थल से भाग गया।

पुलिस ने बताया कि मुरारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, पुलिस की एक टीम सोमवार को सस्थमकोट्टा स्थित एक लॉज से आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई।

पुलिस ने बताया कि तांत्रिक होने के अलावा मुरारी सोशल मीडिया मंच पर भी सक्रिय था।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments