scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशहल्द्वानी में सड़क पर ‘डिवाइडर’ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, दो नाबालिग किशोरों की मौत

हल्द्वानी में सड़क पर ‘डिवाइडर’ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, दो नाबालिग किशोरों की मौत

Text Size:

हल्द्वानी, 23 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर ‘डिवाइडर’ से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार दो नाबालिग किशोरों की मौत हो गई और एक किशोरी समेत दो अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस से यह जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना का शिकार हुए सभी नाबालिग 16-17 साल के हैं।

पुलिस ने बताया कि घटना शाम को बरेली राजमार्ग पर तीनपानी फ्लाईओवर के पास हुई जहां चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटने के बाद ‘डिवाइडर’ से टकराकर पलट गई।

पुलिस के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई।

उसने बताया कि हादसे में एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से कार में फंसे बच्चों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो किशोरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य का इलाज किया जा रहा है। किशोरी की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है ।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हल्द्वानी के ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला तथा देवलचौड़ निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक के रूप में हुई है।

घायलों में हल्द्वानी के पीलीकोठी क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी तथा श्याम विहार के रहने वाले 16 वर्षीय प्रांजल माउडी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ ।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments