जम्मू, 27 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में राम नवमी उत्सव के अवसर पर नौ दिवसीय ‘शत चंडी महायज्ञ’ का समापन हुआ। श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) द्वारा विश्व शांति, सद्भाव, समृद्धि और मानवता के कल्याण के लिए विशेष पूजा का आयोजन किया गया था।
उन्होंने कहा कि वैदिक मंत्रों के बीच पारंपरिक उत्साह और भक्ति के साथ ‘पूर्ण आहुति’ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।
अधिकारी ने बताया कि श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य, बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने पवित्र अनुष्ठानों में भाग लिया। पद्म श्री प्रोफेसर विश्वमूर्ति शास्त्री के नेतृत्व में पंडितों के एक प्रतिष्ठित समूह द्वारा महायज्ञ किया गया।
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिसमें तीन लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए।
अधिकारी ने बताया कि औसतन प्रतिदिन लगभग 37,000 तीर्थयात्री दर्शन के लिए आए। उन्होंने बताया कि 2026 में तीर्थयात्रा में लगातार वृद्धि देखी गई है, जहां 26 मार्च तक 18.76 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि 2025 में इसी अवधि के दौरान यह संख्या 16.72 लाख थी।
नवरात्र के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड द्वारा विस्तृत व्यवस्थाएं की गई थीं।
भाषा गोला संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.