( तस्वीरों के साथ )
भुवनेश्वर, 24 फरवरी (भाषा) ओडिशा के भुवनेश्वर में एक बाजार में भीषण आग लग गयी, जिसपर 19 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे भीषण आग लग गयी, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने कहा कि आग चार मंजिला मॉल में पूरी तरह फैल गई, क्योंकि मॉल में प्लाईवुड, रबर और प्लास्टिक समेत विभिन्न ज्वलनशील पदार्थ भारी मात्रा में रखे हुए थे।
अधिकारियों ने बताया कि आग में फंसे दो कर्मचारियों को परिसर से तत्काल बचा लिया गया है।
एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दमकल की 60 गाड़ियां लगाई गईं और शाम छह बजे तक 19 घंटे की मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के महानिदेशक सुधांशु सारंगी ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने चार मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स की तीन मंजिलों पर लगी आग को बुझा दिया है। दमकलकर्मियों के लिए यह अभियान चलाना मुश्किल था, क्योंकि इमारत में केवल एक ही प्रवेश द्वार था और मॉल में प्रवेश करने के लिए कोई खिड़की या अन्य जगह नहीं थी।’’
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने इमारत के अंदर पानी का छिड़काव करने के लिए उसकी बगल की दीवार का एक हिस्सा तोड़ दिया।
अग्निशमन सेवा महानिदेशक ने कहा, ‘‘आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन हमारे अधिकारी आगे किसी भी प्रकार की आग बढ़ने की स्थिति में निगरानी के लिए वहीं मौजूद रहेंगे।’’
आग इतनी भीषण थी कि इमारत को भी नुकसान पहुंचा।
सारंगी ने कहा कि निरीक्षण के बाद ही सिविल इंजीनियर बता सकते हैं कि इमारत सुरक्षित है या नहीं।
मॉल मालिक ने यह भी दावा किया कि आग में चार करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, संदेह है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
