scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशहोर्मुज जलडमरूमध्य के पास हमले में बिहार के एक समुद्री इंजीनियर की मौत: परिवार

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हमले में बिहार के एक समुद्री इंजीनियर की मौत: परिवार

Text Size:

भागलपुर, 13 मार्च (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले एक समुद्री इंजीनियर की पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान हुए हमले में मौत हो गई। उनके परिजनों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान देवनंदन सिंह (52) के रूप में हुई है, जो जिले के सोनहौला ब्लॉक के रानी बामिया गांव के निवासी थे।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि सिंह मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे होर्मुज जलडमरूमध्य के पास थाइलैंड के एक जहाज पर सवार होकर भारत आ रहे थे, कि तभी पोत पर हमला हो गया।

सिंह, ब्रावो शिप मैनेजमेंट कंपनी के वाइस-चेयरमैन थे और मुंबई में रहते थे।

उनके भाई कृष्णनंदन प्रसाद सिंह ने बताया कि परिवार को बृहस्पतिवार सुबह घटना की सूचना मिली।

उन्होंने कहा, “ कंपनी के एक अधिकारी ने हमें सुबह करीब पांच बजे फोन करके हमले और मेरे भाई की मौत की सूचना दी।”

परिवार के सदस्यों के अनुसार, जिस जहाज पर सिंह सवार थे, उसपर ईरान ने हमला किया था।

परिवार ने बताया कि अपनी जान बचाने के प्रयास में सिंह समुद्र में कूद गए। मृतक के भाई ने कहा, “बचाव दल ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।”

सूचना मिलते ही सिंह के भाई और परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

सिंह के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।

रिश्तेदारों ने बताया कि उनका बेटा अमेरिका में रहता है और घटना की जानकारी मिलते ही भारत लौट आया है।

भागलपुर के जिला मजिस्ट्रेट से बार-बार संपर्क करने की कोशिश करने के बावजूद कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी, जबकि एडीएम ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

भाषा जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments