गयाजी (बिहार), 24 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी में 1,670 एकड़ में विकसित होने वाले विनिर्माण शहर के लोगो और पोर्टल का शनिवार को अनावरण किया।
इस परियोजना में 16,500 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है और इससे 1.1 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार औद्योगिक विकास के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचे के विकास, हवाई संपर्क और रोजगार सृजन के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने देश और विदेश के निवेशकों से राज्य में उपलब्ध अवसरों को पहचानने की अपील की।
चौधरी ने कहा, ‘‘गयाजी में ‘बिहार एकीकृत विनिर्माण शहर’ अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे (एकेआईसी) के तहत डोभी प्रखंड में लगभग 1,670 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में 16,500 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है और इससे लगभग 1.1 लाख रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगभग 13,500 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है, जिसे अगले साल जनवरी तक पूरा करने की उम्मीद है। पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मगध के नाम पर एक टाउनशिप और सांस्कृतिक विरासत केंद्र बनाने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी को हवाई मार्ग से दुबई और काठमांडू से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा भागलपुर, सोनपुर और अन्य स्थानों तक हवाई संपर्क का विस्तार करने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, राज्य सरकार के मंत्री, जापान, थाईलैंड और लाओस के राजदूत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्य और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति, निवेशक तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.