scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशमप्र की खदान में एक मजदूर और उसके पांच साथियों को मिला 30 लाख रुपए का कीमती हीरा

मप्र की खदान में एक मजदूर और उसके पांच साथियों को मिला 30 लाख रुपए का कीमती हीरा

Text Size:

पन्ना (मप्र), 16 जून (भाषा) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक खदान में खुदाई के दौरान एक मजदूर और उसके पांच साथियों को 6.26 कैरेट का एक कीमती हीरा मिला है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, नीलामी में इस कीमती हीरे की कीमत करीब 30 लाख रुपए हो सकती है। मजदूर सुनील कुमार को उम्मीद है कि इससे उनकी आर्थिक तंगी कम होगी।

पन्ना जिले के हीरा अधिकारी अनुपम सिंह ने बातया कि कुमार और उसके पांच साथियों को बुधवार को यहां एक पट्टे की खदान में 6.26 कैरेट का हीरा मिला। नियमानुसार उन्होंने हीरा खनन कार्यालय में जमा करा दिया है। खनन कार्यालय द्वारा नियमित तौर पर ऐसे कीमती हीरों की नीलामी की जाती है।

अधिकारी ने बताया कि नीलामी में मिलने वाली राशि की 12 फीसदी रॉयल्टी काटने के बाद, शेष राशि इन मजदूरों को दी जाएगी।

कीमती हीरा मिलने के बाद खुश सुनील ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह परिवार की खराब आर्थिक हालत के कारण अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित था। उन्होंने कहा, ‘‘ हीरे की नीलामी से प्राप्त राशि से हमारी वित्तीय स्थिति में सुधार होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ करीब 20 दिन पहले मैंने अपने साथियों के साथ एक हीरा खोजने के लिए जरुआ पार इलाके में 10 वर्ग मीटर जमीन लीज़ पर ली थी। किस्मत ने हमारा साथ दिया और खुदाई में हमें एक कीमती हीरा मिल गया।’’

बुंदेलखंड क्षेत्र के पन्ना जिले में 12 लाख कैरेट के हीरे के भंडार होने का अनुमान है। यहां की खदानों में खनन कार्य में लगे कई गरीब मजदूरों को पहले भी कीमती हीरे मिले हैं।

भाषा सं दिमो निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments