ठाणे, नौ फरवरी (भाषा) एक सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो को टक्कर मार दी जिसके बाद वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम को सीवुड्स वेस्ट क्षेत्र के करावे गांव में हुई दुर्घटना के संबंध में 58 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि हालांकि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन निवासियों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस के पूर्व एसीपी अरुण बबन पोखर्कर कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे और उन्होंने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अपनी कार से सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो को टक्कर मार दी।
एनआरआई थाने के वरिष्ठ निरीक्षक देवेंद्र पोल ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच और चिकित्सा जांच के दौरान आरोपी शराब के नशे में पाया गया।’
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
