नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात व्यक्तियों को चिड़ियाघरों से जोड़ने के लिए ‘‘मेरा चिड़ियाघर’’ की अवधारणा पर एक समिति का गठन किया जाएगा। पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की 45वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘बैठक के दौरान चिड़ियाघरों के प्रबंधन मूल्यांकन के दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की आगामी बैठकों में चिड़ियाघरों द्वारा प्रति बैठक दो से तीन प्रजातियों के संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम पर हुई प्रगति को प्रस्तुत किया जाए।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘ ‘मेरा चिड़ियाघर’ की अवधारणा पर एक समिति का गठन किया जाना चाहिए ताकि विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तियों को चिड़ियाघरों से जोड़ा जा सके। मानव-तेंदुआ नकारात्मक अंतःक्रियाओं में शामिल तेंदुओं को उन चिड़ियाघरों में स्थानांतरित करने के संबंध में अद्यतन जानकारी दी जानी चाहिए , जिन चिड़ियाघरों ने उनके दीर्घकालिक देखभाल के लिए दूर क्षेत्रों में सुविधाओं की उपलब्धता की सूचना दी हो और जो उचित आवास, रखरखाव और स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करती हों।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
