scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशमुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में ‘स्वयंभू बाबा’ खरात के करीबी सहयोगी की मौत

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में ‘स्वयंभू बाबा’ खरात के करीबी सहयोगी की मौत

Text Size:

मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर जेल में बंद ‘स्वयंभू बाबा’ अशोक खरात के एक करीबी सहयोगी और उसकी पत्नी की कार एक खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान जितेंद्र शेल्के (55) और उसकी पत्नी अनुराधा (50) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि शेल्के, खरात का करीबी सहयोगी था। उन्होंने बताया कि शेल्के खरात का व्यापारिक साझेदार होने के साथ-साथ ‘स्वयंभू बाबा’ द्वारा स्थापित शिवनिका ट्रस्ट का उपाध्यक्ष भी था।

खरात को बलात्कार और धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर लगभग 12 बजे पश्चिमी महाराष्ट्र के कोपरगांव पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले धोत्रे गांव के निकट हुई, जो मुंबई से लगभग 250 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने बताया कि शेल्के, उसकी पत्नी और बेटा छत्रपति संभाजीनगर से मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे होते हुए कार से ठाणे आ रहे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही कार धोत्रे के निकट पहुंची, उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां शेल्के और उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दंपति के बेटे का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि कोपरगांव पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने बताया कि आरटीओ और वाहन विशेषज्ञों जैसे अधिकारियों की मदद से पुलिस दुर्घटना का विश्लेषण करके इसके कारणों का पता लगाएगी।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments