scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशठेले में तोड़फोड़ करने के आरोप में संगीत सोम सेना के प्रमुख सहित दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

ठेले में तोड़फोड़ करने के आरोप में संगीत सोम सेना के प्रमुख सहित दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Text Size:

मेरठ (उप्र), चार अप्रैल (भाषा) मेरठ के सरधना इलाके में बिरयानी के ठेले में तोड़फोड़ करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता संगीत सोम के एक संगठन के अध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बिरयानी का ठेला लगाने वाले शख्स साजिद ने दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि सरधना-बिनौली रोड पर उसके बिरयानी के ठेले में संगीत सोम सेना के प्रदेश अध्यक्ष सचिन खटीक सहित 10 लोगों ने तोड़फोड़ की और सारा खाना फेंक दिया गया और उसके सारे पैसे भी छीन लिए।

उन्होंने बताया कि संगीत सोम ने स्वीकार किया कि सचिन उनके संगठन का अध्यक्ष है।

सोम ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘नवरात्रि पर मांस के ठेले लगाये गए इसका मतलब है कि पुलिस ने अपना काम ठीक से नहीं किया। इसलिए हमारे लोगों ने ठेला हटाया होगा।’’

थाना प्रभारी सरधना लक्ष्मण वर्मा ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।

इस सिलसिले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

संगीत सोम 2012-2022 के बीच सरधना से भाजपा विधायक थे और इस बार चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अतुल प्रधान से हार गए।

भाषा सं जफर शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments